बारां। राजस्थान में बारां जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रविवार देर रात नाइट्रिक एसिड से भरे एक टैंकर में अचानक रिसाव होने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग के दल तत्काल मौके पर पहुंच गये और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर में तकनीकी खराबी के कारण नाइट्रिक एसिड का रिसाव शुरू हो गया था। नाइट्रिक एसिड अत्यंत खतरनाक रसायन होने के कारण प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए क्षेत्र को सुरक्षित किया और आमजन की आवाजाही को नियंत्रित किया।
मौके पर पहुंचे पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने विशेषज्ञों की मदद से टैंकर में भरे नाइट्रिक एसिड को दूसरे सुरक्षित टैंकर में स्थानांतरित किया गया। इस दौरान रिसाव को पूरी तरह रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय भी किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



