सवाई माधोपुर के होटल में घुसा तेंदुआ, कर्मचारियों की सांसें अटकी

0

सवाई माधोपुर। रात का सन्नाटा, होटल परिसर में चहलकदमी करता तेंदुआ और दहशत में डूबे कर्मचारी… राजस्थान के सवाई माधोपुर में बुधवार देर रात कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। आलनपुर में खाटू श्याम मंदिर के पास स्थित एक होटल में अचानक तेंदुआ घुस आया। करीब दो घंटे तक होटल परिसर में उसकी मौजूदगी से कर्मचारियों की सांसें अटकी रहीं। तेंदुए की यह पूरी हलचल होटल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार होटल में तेंदुआ घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए उसे बेहोश करने की तैयारी की जा रही थी। टीम होटल के गेम एरिना के पास पहुंची ही थी कि तेंदुआ अचानक खिड़की से बाहर निकलकर भाग गया।

बेहोश करने पहुंची टीम, खिड़की से निकल गया तेंदुआ

वन विभाग की टीम तेंदुए को काबू में लेने की कोशिश करती, उससे पहले ही उसने बाहर निकलने का रास्ता तलाश लिया। खिड़की से निकलकर तेंदुए के भागने के बाद वन विभाग की टीम की पकड़ में आए बिना ही वह जंगल की ओर चला गया। होटल में करीब दो घंटे तक तेंदुए की मौजूदगी से कर्मचारी दहशत में रहे। उसके जंगल का रुख करने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। होटल के सीसीटीवी फुटेज में तेंदुए की गतिविधियां कैद होने से यह घटना चर्चा में आ गई।