गुजरात की तरह कर्नाटक और फिर राजस्थान में ऐतिहासिक जीत के साथ बनेंगी भाजपा सरकार : पूनियां

जयपुर/बेंगलूरू। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने दावा करते हुए कहा है कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में गुजरात की तरह कर्नाटक और फिर राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के साथ सरकार बनाएगी।

डा पूनियां कर्नाटक भाजपा के मिशन-2023 को लेकर बेंगलूरू में भाजपा के कर्नाटक -राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह, कर्नाटक भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री जीवी राजेश एवं भाजयुमो के राष्ट्रीय राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के साथ प्रवासी राजस्थानियों से संवाद कर रहे थे।

डा पूनियां ने कहा कि कर्नाटक से लेकर पूरे भारतवर्ष के विकास में प्रवासी राजस्थानी भाई-बहनों के परिश्रम का महत्वपूर्ण योगदान है और जन्मभूमि की तरह कर्मभूमि की तरक्की के लिए भी काम कर रहे करते हैं। सिंह ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों की कर्नाटक में भाजपा की प्रचंड जीत में प्रमुख भूमिका होगी और भाजपा फिर राजस्थान में भी जीत का नया इतिहास बनाएगी।

कर्नाटक भाजपा के विजय संकल्प अभियान में आज सिंह एवं डॉ. पूनियां ने बेंगलूरु प्रवास पर मैराथन दौरे कर विभिन्न कार्यक्रमों में प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद कर मोदी के कुशल नेतृत्व में कर्नाटक में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का आह्वान किया।

इस दौरान इन दोनों नेताओं ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार एवं मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से कर्नाटक में भाजपा की प्रचंड जीत नया इतिहास बनाएगी और डबल इंजन की भाजपा सरकार कर्नाटक को विकास में और नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएगी। भाजपा नेताओं ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए प्रवासी राजस्थानियों से बढ़-चढ़कर जुटने का आह्वान किया।

इससे पहले सतीश पूनियां ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर बेंगलूरु में राजगढ़-सादुलपुर परिषद के गणमान्य सदस्यों के साथ संवाद किया, फिर हरियाणा भवन में प्रवासी राजस्थानी आईटी प्रोफेशनल्स के साथ संवाद किया। उन्होंने मोदी के मन की बात कार्यक्रम को हरियाणा भवन में प्रवासी राजस्थानी आईटी प्रोफेशनल्स के साथ सुना।