रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर-दिल्ली रेल मार्ग पर बुधवार को बदमाशों ने चलती ट्रेन में पिस्तौल की नोक पर दो लोगों से सात लाख रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रुद्रपुर स्थित जपनीत ऑटो के दो कर्मचारी ऋतिक मंडल और साहिब सिंह बुधवार सुबह हल्द्वानी से चलने वाली संपर्क क्रांति ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दोनों दुकान के लिए ऑटो पार्ट्स खरीदने हेतु नकदी साथ लेकर यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों को भनक लग गई और वे भी उसी ट्रेन में सवार हो गए।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन उत्तर प्रदेश के बिलासपुर स्टेशन के पास पहुंची। तीन बदमाशों ने पिस्तौल लहराते हुए दोनों कर्मचारियों को धमकाया और पिस्तौल की नोक पर सात लाख रुपए लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर बिलासपुर स्टेशन से पहले ही कूदकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने यात्रियों को डराने के लिए हवाई फायरिंग भी की। घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी बिलासपुर स्थित जीआरपी चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रूद्रपुर के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारी जीआरपी चौकी पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस घटना के बाद ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।



