धौलपुर में घर में घुसे बदमाशों ने बुजुर्ग महिला से की मारपीट, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार

0

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में देर रात घर में घुसे बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। छोटा मानपुर गांव में दो बदमाश घर में घुसे और महिला के साथ मारपीट कर करीब 15 तोला सोना और तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार घटना सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। बुजुर्ग मीरा देवी अपने पति राजाराम बैंसला के साथ घर के बाहर वाले कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान उन्हें घर के अंदर से कुछ आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मीरा देवी कमरे में पहुंचीं तो वहां दो अज्ञात बदमाश नजर आए।

महिला ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाश ने उनके साथ मारपीट की और खुद को छुड़ाकर भाग निकला। दोनों आरोपी घर में रखे करीब 15 तोला सोने के आभूषण और तीन लाख रुपए की नकदी अपने साथ ले गए।

वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी लेने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।