मदन दिलावर का बारां की ग्राम पंचायतों का दौरा, गंदगी देख भडके

बारां। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को बारां जिले के छह से अधिक ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया और गांव में हो रही सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में गंदगी व्याप्त देखकर दिलावर नाराज हो गए और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, गांव में प्रतिदिन झाड़ू लगाने और घर घर से कचरा संग्रहण करने के निर्देश दिए। सबसे पहले उन्होंने ग्राम पंचायत लसाडिया के समसपुर गांव का निरीक्षण किया। गांव वालों ने बताया कि कभी कभार ही झाड़ू लगता है। हम खुद ही सफाई करते हैं।

ग्राम पंचायत थामली के आकेड़ा गांव मे रास्ते पर ही रेवड़ियां पड़ी मिली। वाहन और खेती के औजार भी आम रास्ते पर ही पड़े मिले। माथना-माथनी में प्रतिदिन सफाई नहीं होती। ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि कचरा लेने वाली गाड़ी आज ही आई है। ग्राम तिसाया में भी गंदगी मिली। नालियां जाम हैं। नालियों की सफाई नहीं होती। ग्रामीणों ने सरपंच तोलाराम की भी दिलावर से शिकायत की। उन्होंने मंडोला और अरदान गांव का भी निरीक्षण किया।