अजमेर। माली (सैनी) समाज के 17वें सामूहिक विवाह सम्मेलन के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में आदर्शनगर स्थित मनुहार वाटिका में गणेश जी की प्रसादी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को विदाई स्वरूप आशीर्वाद प्रदान किया गया तथा उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की गई।
ज्ञात रहे कि 19 फरवरी को आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में समाज के चार जोड़ों का विधि-विधान से विवाह संपन्न हुआ था। इसी क्रम में आयोजित इस प्रसादी कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा जारी विवाह प्रमाण पत्र नवदंपतियों को सौंपे गए। साथ ही समाज की ओर से कन्यादान स्वरूप प्रदान की जाने वाली राशि को फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में नवविवाहितों को भेंट किया गया, ताकि उनके भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाया जा सके।
कार्यक्रम के साथ ही माली (सैनी) सामूहिक विवाह समिति की आमसभा भी आयोजित की गई, जिसमें कोषाध्यक्ष भगवान स्वरूप भाटी ने आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस दौरान कन्हैया लाल दगड़ी, हनुमान प्रसाद कच्छावा, सेवाराम चौहान सहित अन्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र एवं फिक्स्ड डिपॉजिट सौंपते हुए आशीर्वाद दिया।
आमसभा में इस बार विवाह योग्य जोड़ों की संख्या कम रहने पर चिंता भी व्यक्त की गई। समिति के सदस्यों ने भविष्य में अधिक से अधिक लोगों को इस सामाजिक पहल से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सर्वसम्मति से अगला सामूहिक विवाह सम्मेलन वर्ष 2028 में आयोजित करने की घोषणा की गई। बैठक में आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के दौरान होली स्नेह मिलन का आयोजन भी हुआ, जिसमें हास्य-व्यंग्य का रंग देखने को मिला। कन्हैयालाल सांखला, ओमप्रकाश गढ़वाल तथा पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को आनंदमय बना दिया।
कार्यक्रम में होली-स्नेह-मिलन का भी आयोजन किया गया जिसमें कन्हैयालाल सांखला, ओमप्रकाश गढ़वाल, पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत ने हास्य कविताएं, चुटकुले सुनाए। गणेश जी की प्रसादी में अध्यक्ष घीसू लाल गढ़वाल, सुगनचंद्र उबाना, बिशन सिंह सांखला, सुरेंद्र चौहान, नेमीचंद बबेरवाल, प्रदीप कच्छावा, पूनम चंद चौहान, मनोरमा परिहार, यशोदा नंदन चौहान, राज किशोर सांखला, ओम तुनवाल, मदन कच्छावा, ओम प्रकाश चौहान, नवल किशोर टांक, शंकर टांक, सोहन तुनवाल इत्यादि उपस्थित थे।



