भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के शिवनगर थाना क्षेत्र में माली समाज द्वारा नवनिर्मित मंदिर में शनिवार को अपार उत्साह और श्रद्धा के साथ चारभुजा नाथ, शिव परिवार और बालाजी की प्रतिमाओं की प्राणप्रतिष्ठा की गई।
आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक महोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय भजनों और जयकारों से गूंज उठा। प्राण प्रतिष्ठा समारोह हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास महाराज की गौरवमयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। महाराज की अगुवाई में विधि-विधान के साथ मंदिर शिखर पर ध्वजा और कलश चढ़ाया गया। इसके पश्चात चारभुजा नाथ, भगवान शिव और संकटमोचन बालाजी की प्रतिमाओं को नवनिर्मित मंदिर में प्रतिष्ठापित किया गया।
महोत्सव की शुरुआत सुबह भव्य प्रभात फेरियों के साथ हुई। आस-पास के कई गांवों से आई प्रभात फेरियों ने शिवनगर कॉलोनी में भ्रमण किया, जिससे माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। इस अवसर पर माली समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान के दर्शन करके पुण्य लाभ कमाया। कार्यक्रम के दौरान दिनभर भजन-कीर्तन और प्रसादी का दौर चलता रहा। वहीं हजारों लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।



