भीलवाड़ा में किशाेरी से रेप करके वीडियो बनाने का आरोपी अरेस्ट

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दुष्कर्म करके अश्लील वीडियो बनाकर पीड़िता के मंगेतर को भेजने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने मंगलवार को बताया कि करीब एक वर्ष पहले पीडि़ता जब बकरियां चराने गई थी, तब दुर्गेश सिंह ने उससे दुष्कर्म किया। उसने उसका अश्लील वीडियो बनाया और उसे पीडि़ता के मंगेतर को सोशल मीडिया पर भेज दिया।

मीणा ने बताया कि पीडि़ता के पिता द्वारा चार फरवरी को दर्ज करवाये गये मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

अवैध गारनेट के खनन में लिप्त दो आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस और जिला विशेष दल (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध गार्नेट के खनन में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षु माधव उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्र के हरपुरा और रीठ इलाकों में लंबे समय से अवैध गार्नेट खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस के विशेष दलों का गठन किया गया और चिह्नित स्थानों पर अचानक दबिश दी गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे 12 ट्रैक्टर और 11 सेपरेटर मशीनें जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध गार्नेट के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

प्रसिद्ध मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया

भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने एक प्रसिद्ध मंदिर को अपना निशाना बनाते हुए मंदिर के ताले तोड़कर वहां से कीमती सामान चोरी कर लिया।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भादू ग्राम स्थित सत्यनारायण भगवान के मंदिर पर चोरों ने धावा बोला। चोर मंदिर के भीतर से भगवान का चांदी का छत्र और पूजा में काम आने वाली अन्य बहुमूल्य सामग्री चुराकर ले गए।

सूत्रों ने बताया कि चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी है। फुटेज में चोर मंदिर के भीतर वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।

तस्कर से एक किलोग्राम अफीम और नगदी बरामद

भीलवाड़ा में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करके उससे एक किलोग्राम अफीम और 16 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस दल ने रोडवेज बस स्टैंड परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान देराम राम चौधरी (69), निवासी जाखड़ों की ढाणी, नारवा (जोधपुर) के पास एक बैग में एक किलो 43 ग्राम अवैध अफीम और 16 लाख रुपए की नकदी पाई गई। पुलिस ने बताया कि उसे गिरफ्तार करके उसके खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।