उज्जैन में शादी का झांसा देकर 1.27 करोड़ रुपए की ठगी करने वाला जयपुर से अरेस्ट

0

जयपुर/उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन की माधवनगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से करीब एक करोड़ 27 लाख रुपए की ठगी करने के आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार राजस्थान के जयपुर स्थित मानसरोवर निवासी आरोपी मनीष (36) ने मार्च 2025 से महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ अनैतिक कृत्य किया।

आरोपी लगातार महिला को शादी करने का विश्वास दिलाता रहा और इसी आधार पर अलग-अलग समय में उससे करीब एक करोड़ 27 लाख रुपए प्राप्त किए। मार्च 2026 में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।

इसके बाद महिला ने 13 मई 2026 को माधवनगर थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 207/2026 तथा धारा 351(3) और 69 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने 13 अगस्त 2026 को आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। विस्तृत पूछताछ और आवश्यक बरामदगी के लिए पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लिया।

पुलिस अभिरक्षा के दौरान पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर नगद राशि, दो महंगे मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से खरीदा गया महंगा सामान बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला से लंबे समय तक शादी का विश्वास दिलाकर करीब 35 लाख रुपए भी प्राप्त किए तथा उसे जान से मारने की धमकी दी थी।