जयपुर में दम्पती की गोली मारकर हत्या

220

जयपुर। राजस्थान में जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक ने दम्पती की गोली मार कर हत्या कर दी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ने शुक्रवार को मध्याह्न करीब साढ़े 12 बजे शिकारपुरा मार्ग पर राजाराम (30) और आशा (26) को गोली मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव महात्मा गांधी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों के हवाले से बताया कि राजाराम और आशा सांगानेर में रीको क्षेत्र में एक कारखाने में काम करते थे। दोपहर करीब 12:30 बजे आशा की फैक्ट्री में काम करने वाला मोनू उपाध्याय बातचीत के लिए उनके घर आया था।

इस दौरान घर पर आशा और राजाराम के साथ उसकी बहन भी मौजूद थी। राजाराम ने बहन को मोनू से जरूरी बात करने का कहकर बाहर जाने को कहा। बहन किसी परिचित से मिलने उनके घर चली गई।

दोपहर करीब एक बजे छोटा भाई भोजनावकाश के लिएघर आया तो उसने भाई-भाभी खून से तर देखा तो उसने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया। उनकी मदद से दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार गोली दोनों की कनपटी में मारी गई। पूछताछ में पुलिस को मोनू के बातचीत करने घर आने का पता चला। फिलहाल मोनू फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।