भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर जिले के रूपवास तहसील के रिकॉर्ड रूम में रविवार को आग लगने से बड़ी संख्या में फाइलें जलकर राख हो गई।
दमकल सूत्रों ने बताया कि रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद पटवारी शिवराज अपना लम्बित काम करने के लिए तहसील में मौजूद थे। उन्होंने जब धुआं उठता देखा तो अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंच आग बुझाई, लेकिन तब तक आग से और आग बुझाने के लिए फेंके गए पानी से बड़ी संख्या में फाइल नष्ट हो गईं।
ट्रेलर में केबिन में लगी आग, चालक बचा
भरतपुर के भुसावर थाना क्षेत्र में बझेरा खुर्द गांव में एक ट्रेलर के केबिन में रविवार को अचानक आग लग जाने से चालक बाल बाल बच गया। दमकल सूत्रों ने बताया कि ट्रेलर चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा से सीमेंट के कट्टे भरकर लाया था। बझेरा खुर्द गांव में चालक ट्रेलर में सो रहा था कि अचानक केबिन में आग लग गई। कुछ जलने की गंध आने पर चालक की नींद खुल गई। उसने जब आग देखी तो वह तुरंत बाहर कूद गया।
सूत्रों ने बताया कि चालक के शोर मचाने पर तुरंत मौके पर ग्रामीण पहुंचे और ट्रेलर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस और दमकल को बुलाया गया। नदबई से आई दमकल ने आग पर काबू पाया। इस बीच ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जल गया।



