कांकेर। छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के चौकी दुधावा क्षेत्र में एक युवती की रहस्यमय हत्या के मामले को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ही सुलझा लिया है और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार शादीशुदा प्रेमी ने 18 साल की प्रेमिका को तालाब में डूबोकर मार डाला।
यह घटना 2 फरवरी को सामने आई, जब चौकी दुधावा के गांव बांगाबारी स्थित बुढ़ा तालाब के पास एक अज्ञात युवती का शव मिला। शव साड़ी से लपेटा हुआ था। ग्रामीण दशरथ नेताम और जमीन बट्टी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पहचान की कोशिश शुरू की। बाद में मृतक की पहचान ग्राम बासनवाही की 18 वर्षीय नेहा वट्टी के रूप में हुई।
पुलिस से गुरुवार को मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तेजी से जांच शुरू की थी। गहन पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों पर शक के घेरे में आया। 04 फरवरी तक पुलिस ने धमतरी जिले के गांव जबर्रा के दो भाइयों बिरेन्द्र ध्रुव (33 वर्ष) और भागवत ध्रुव (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी बिरेन्द्र ने बताया कि उसका मृतका नेहा के साथ प्रेम संबंध था। बिरेन्द्र पहले से शादीशुदा था। नेहा द्वारा उससे शादी का दबाव डालने और इनकार करने पर पुलिस में शिकायत करने की धमकी देने से तंग आकर उसने अपने भाई भागवत के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने बताया कि एक फरवरी, की रात वे नेहा को बसनवाही से उसके साथ भगाने के बहाने लेकर बांगाबारी तालाब पहुंचे। वहां पचरी (तटबंध) पर ले जाकर दोनों ने मिलकर उसे तालाब के पानी में डुबोकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने नेहा के मोबाइल फोन, चप्पल, कपड़े और आधार कार्ड को तालाब में फेंक दिया। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने इनमें से कुछ साक्ष्य बरामद किए हैं। हत्या के बाद आरोपी अपने गांव भाग गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर, निरीक्षक योगेंद्र वर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चौकी दुधावा पुलिस ने जनता से अपील की है कि अपराध की रोकथाम एक साझा जिम्मेदारी है।लड़कियों और महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति विशेष सजग रहना चाहिए। अवैध प्रेम संबंध अक्सर गंभीर अपराधों को जन्म देते हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



