भीलवाड़ा में पानी से भरी खदान में डूबने से किशोर की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बारिश के पानी से भरी खदान में नहाने गया एक किशोर की डूबने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अलास्का रिसोर्ट के पास अरिहंत विहार के बालाजी विहार निवासी गोविंद सिंह (16) अपने दो दोस्तों राजवीर सिंह और रितिक यादव के साथ नहाने उतरा था। खदान के एक हिस्से में पानी कम था, जबकि दूसरा हिस्सा अचानक गहरा हो जाता है। नहाते समय गोविंद का पैर फिसला और वह गहराई में चला गया। घबराकर उसने रितिक को पकड़ लिया, जिससे दोनों डूबने लगे।

राजवीर ने हिम्मत दिखाते हुए रितिक को तो बाहर खींच लिया, लेकिन गोविंद हाथ से छूट गया और पानी में समा गया। दोनों दोस्तों ने रस्सी से तलाश की, आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, मगर कोई आगे नहीं आया।

सूचना मिलते ही परिजन दौड़ पड़े और पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गोविंद को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बस-कार की टक्कर से अजमेर के 9 लोग घायल

भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रेवल्स बस और कार के बीच टक्कर से कार सवार नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि अजमेर जिले के गुर्जर परिवार के 9 सदस्य धार्मिक स्थल सांवरियाजी जा रहे थे। भीलवाड़ा बाइपास पर हजारीखेड़ा कट के पास ट्रेवल्स बस से उनकी कार की टक्कर हो गई। घटना में किशन (50), पूजा (16), रमन (10), आरती गुर्जर, मधु (14) दयाल (25), रमेश (12), कनिश (6) और दुर्गा घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।