भिवाड़ी की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान

0

खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित गिरधर रोलरेप प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार को रात में भीषण आग लग गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग रात करीब साढ़े बजे लगी और कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें शहर में दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। कंपनी में प्लास्टिक दाना निर्माण का काम होता है।

आग की सूचना मिलते ही भिवाड़ी नगर परिषद और रीको फायर विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण शुरुआती प्रयासों में आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

सूत्रों ने बताया कि स्थिति गंभीर होने पर तिजारा, खैरथल और खुशखेड़ा सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देर रात तक आग बुझाने में जुटी रही। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद ही घटना की जांच शुरू की जाएगी। अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

सू्त्रों ने बताया कि फैक्ट्री में लगी आग से करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकड़ा आग बुझने के बाद ही सामने आ सकेगा।