MDSU का ‘दिग्नाद 2026-27’ संपन्न, सांस्कृतिक स्पर्धाओं में सोफिया कॉलेज ओवरऑल विजेता

0


SPCGCA दूसरे और MDSU तीसरे स्थान पर रहा

अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर में आयोजित तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘दिग्नाद 2026-27’ का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। 26 से 28 नवंबर तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने कला, संगीत, साहित्य, रंगमंच, नृत्य और विभिन्न रचनात्मक विधाओं में प्रतिभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समग्र प्रदर्शन के आधार पर सोफिया कॉलेज अजमेर ने प्रथम, एसपीसीजीसीए ने द्वितीय तथा एमडीएस विश्वविद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नारायण लाल गुप्ता रहे। जयपुर घराने के प्रसिद्ध कथक नर्तक चेतन जवड़ा और भवदीप जवड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने की। अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं आयोजन संयोजक प्रो. सुभाष चन्द्र ने स्वागत संबोधन के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने हासिल किए प्रथम स्थान

प्रतियोगिता के परिणामों में चित्रकला में सलोनी, कोलाज में कृष्णा झडोतिया, पोस्टर निर्माण में श्रेष्ठा सृजनी, मिट्टी की मूर्तिकला में तृषा मांडनिया, कार्टून में समृद्धि देवानी तथा रंगोली में वर्षा कंवर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मंचीय प्रस्तुतियों में एकांकी नाटक में सोफिया कॉलेज, मूक अभिनय में एमडीएस विश्वविद्यालय तथा लघु नाटिका में आरआईई अजमेर विजेता रहे। मिमिक्री में लक्षिता ने प्रथम स्थान हासिल किया।

संगीत प्रतियोगिताओं में भारतीय सुगम गायन में तन्वी वैद्य, ताल वाद्य संगीत में मयंक कोटवानी, गैर-ताल वाद्य संगीत में हर्षवर्धन तथा पाश्चात्य एकल गायन में सचिदानंद सतरवाला प्रथम रहे। भारतीय समूह गान में राजकीय कन्या महाविद्यालय अजमेर, लोक वाद्यवृंद में एसपीसीजीसीए और पाश्चात्य एकल वाद्य संगीत में नमन मारोतिया ने बाजी मारी।

साहित्यिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं में सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी में आरआईई अजमेर, हिंदी वाग्मिता में रुचि टाक, अंग्रेजी भाषण में अंजलि मनवारी, अंग्रेजी वाद-विवाद में एसपीसीजीसीए तथा हिंदी वाद-विवाद में राजकीय कन्या महाविद्यालय अजमेर प्रथम रहा। नृत्य प्रतियोगिताओं में लोक एवं आदिवासी नृत्य में सोफिया कॉलेज, शास्त्रीय नृत्य में छवि चारण तथा सृजनात्मक कोरियोग्राफी में सोफिया कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक आयोजन साझी विरासत और रचनात्मकता का माध्यम : प्रो. गुप्ता

मुख्य अतिथि प्रो. नारायण लाल गुप्ता ने कहा कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हमारी साझी विरासत, स्मृति और संकल्प से जुड़ने का माध्यम हैं। वंदे मातरम के 150वें वर्ष तथा भारतीय कालगणना और परंपराओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पहचान से जोड़ते हैं।

शिक्षा के उद्देश्य पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि केवल डिग्री हासिल करना या किसी एक विषय में विशेषज्ञता प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। कला, संवेदनशीलता और रचनात्मकता के बिना शिक्षा अधूरी रहती है। भारतीय परंपरा में वर्णित 64 कलाओं तथा समग्र शिक्षा की अवधारणा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कला और सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों को संवेदनशील, जिम्मेदार और सृजनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के परिणामों को जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं मानने की सीख देते हुए कहा कि जीतने वालों को आत्मसंतुष्ट नहीं होना चाहिए, जबकि पीछे रहने वालों के लिए यह अपनी क्षमता सुधारने का अवसर है। वास्तविक प्रतिस्पर्धा दूसरों से नहीं, बल्कि स्वयं के पिछले प्रदर्शन से बेहतर बनने की होनी चाहिए।

एआई और तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच मानवीय संवेदनाओं के महत्व पर जोर देते हुए प्रो. गुप्ता ने युवाओं से अपनी प्रतिभा, अभ्यास और रचनात्मकता के जरिए संवेदनशील व्यक्तित्व विकसित करने तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक उत्सव व्यक्तित्व विकास के ‘एंटीना’ : कुलगुरु

समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि ‘दिग्नाद 2026-27’ की विशेष उपलब्धि यह रही कि आयोजन के आरंभ से समापन तक कला और शिक्षा जगत के प्रतिष्ठित व्यक्तियों तथा कलाकारों का विद्यार्थियों को सानिध्य मिला। उन्होंने सांस्कृतिक उत्सवों को जीवन के ‘एंटीना’ बताते हुए कहा कि ये ऊर्जा, अनुशासन, सामूहिकता और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को अब शैक्षणिक स्तर पर भी औपचारिक मान्यता मिल रही है और इन्हें व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने परिणामों से आगे बढ़कर निरंतर सीखने और अपने प्रदर्शन में सुधार करने की प्रेरणा दी।