मीडिया का साथ लिए बगैर देश विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता : भागीरथ चौधरी

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के सांसद भागीरथ चौधरी ने मीडिया के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा है कि मीडिया का साथ लिए बगैर देश विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता।

चौधरी शुक्रवार को यहा केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के जयपुर स्थित पत्र सूचना कार्यालय की ओर से आयोजित क्षेत्रीय मीडिया सम्मेलन वार्तालाप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मीडिया देश को विकसित राष्ट्र बनाने में महती भूमिका निभाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार राष्ट्र निर्माण जो हम सब का दायित्व है उसे पूरा करे।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आज देश ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां पूरी दुनियां की निगाह भारत पर है। आर्थिक रूप से विश्व में 11 से 5वें स्थान पर आना सबके लिए गौरव की बात है। उन्होंने सिलसिलेवार मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और फ्लैगशीप योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा है कि मोदी सरकार ने गरीब को गणेश मानकर काम किया है। अजमेर लोकसभा क्षेत्र में भी विकास के अनेकों काम हुए है।

कार्यक्रम में कलक्टर भारती दीक्षित ने कहा कि मीडिया स्वयं की प्रतिष्ठा और समाज हित में विश्वसनीय और तथ्यात्मक समाचार ही प्रकाशित-प्रसारित करे, जो लिखे..सही लिखे। अजमेर की मीडिया सबसे अच्छी है, जनता तक सकारात्मक समाचार पहुंचाना मीडिया की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए सीआरपीएफ के डीआईजी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकार राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी खबरों से लोगों के दृष्टिकोण का निर्माण होता है। ऐसे में जरूरी है कि मीडिया निष्पक्ष और सही परिप्रेक्ष्य के साथ जनता तक जानकारी और समाचार पहुंचाए। सीआरपीएफ के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ आज दुनिया की सबसे बड़ी पैरामिलेट्री फोर्स है। यह न सिर्फ आंतरिक सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती है बल्कि अनेक दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी योजनाएं लोगों तक पहुंचाने का काम भी करती है।

प्रारंभ में संयुक्त निदेशक पवन सिंह फौजदार ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राजधानी और बड़े शहरों में रहने वाले पत्रकारों की प्रशासन तक सीधे पहुंच आसान होती है। मगर कस्बों और ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों को उच्चाधिकारियों से संवाद स्थापित करने का अवसर कम मिलता है। इस कमी को दूर करने के उद्देश्य से वार्तालाप का आयोजन किया जाता है।

इस अवसर पर अनेक पत्रकारों ने कई सुझाव और अपनी अनेक समस्याओं की चर्चा की। सांसद चौधरी ने उनकी समस्याओं को उच्च स्तर पर पहुंचाकर उनके समाधान के प्रति आश्वस्त किया।  कलक्टर डाॅ. दीक्षित ने कहा कि जल्द ही जिला स्तर पर पत्रकारों और प्रशासन के बीच उचित समन्वय के लिए आपसी संवाद का सिलसिला शुरू किया जाएगा। इससे अजमेर का बेहतर विकास सुनिश्चित किया जा सके।

वार्तालाप के पहले सत्र में जनसंपर्क अधिकारी संतोष प्रजापति ने कहा कि मीडिया जनता और सरकार के बीच सेतु का कार्य करता है। प्रशासन की सटीक और तथ्यात्मक जानकारी लोगों तक पहुँचाने में मीडिया हमारा महत्वपूर्ण सहयोगी है। इस अवसर पर बीमा लोकपाल के सचिव राजेश जलोडिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ओमशंकर वर्मा, नवीन सागर सोनी अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. संपत सिंह जोधा, जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त आयुक्त डी.के. शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

पत्र सूचना कार्यालय की ओर से विभिन्न शासकीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। कार्यक्रम का संचालन भारत भार्गव ने किया। आभार प्रदर्शन सहायक निदेशक जयंती ओझा ने किया। इस अवसर पर सबगुरु न्यूज के संपादक विजय सिंह मौर्य, कल का सम्राट के विनोद गौतम, राजस्थान जर्नलिस्ट ऐसोसिएशन के अजमेर जिलाध्यक्ष अकलेश जैन, ऋषिका महर्षि, अरुण बाहेती समेत बडी संख्या में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारिता से जुडे सदस्य उपस्थित थे।