हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में बुधवार को खेत में जा रहे एक किसान की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि किसान रामकुमार थोरी (48) सुबह करीब आठ बजे खेत की ओर जा रहा था कि कार में सवार कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर हमला कर दिया। खेत के पास ही हमलावरों ने घेर कर उस पर लाठी-डंडों और तेज धार वाले हथियारों से घातक हमला किया।
पुलिस ने बताया कि इससे रामकुमार बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे मरा हुआ समझकर हमलावर फरार हो गए। परिवार वालों को जैसे ही घटना का पता चला वे मौके पर पहुंचे और रामकुमार को लेकर हनुमानगढ़ टाउन सिविल अस्पताल के लिए रवाना हो गए। सिविल अस्पताल पहुंचने से पहले ही राम कुमार की माैत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी गजेंद्र शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। रामकुमार का शव अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर रही है। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर हत्या की वजह जमीन का विवाद बताया है।



