श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में चक 3-बी के पास रेल लाइन पर गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तड़के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को पटरी पर एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली। इस पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल के लिए लेकर रवाना हो गई, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बलदेवसिंह मजहबी सिख (58) के रूप में हुई है। वह तड़के करीब चार बजे सूरतगढ़ से श्रीगंगानगर आ रही सवारी रेलगाड़ी की चपेट में आ गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि बलदेवसिंह रेल लाइन पार करते समय रेलगाड़ी की चपेट में आ गया क्योंकि उसे कम सुनाई देता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों सुपुर्द कर दिया।
नहर में डूबने से युवक की मौत
श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में गंगनहर की बारहमासी नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि कुणाल कुम्हार (25) मंगलवार रात को घर से मोटरसाइकिल लेकर निकल गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार दोपहर को उसकी मोटरसाइकिल हनुमानगढ़-अबोहर बाईपास पर गंगनहर के एसएसबी रोड पुल के पास लावारिस खड़ी मिली, तब आशंका हुई कि वह नहर में गिर गया है।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद शाम को नेतेवाला हेड के पास उसका शव बरामद हुआ, जिसे जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया गया। उसके भाई जितेश द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर कल रात मर्ग दर्ज की गई। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।



