अलवर के कठूमर में आवारा कुत्ते के हमले में बालिका घायल

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के कठूमर कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां एक आवारा कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही पांच वर्षीय मासूम बालिका पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके सिर को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। परिजन उसे पहले कठूमर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में बालिका के सिर पर करीब सात टांके लगाए गए और उसका उपचार जारी है।

सूत्रों ने बताया कि घायल बालिका अपनी मां के साथ डीग से अपने मामा के घर कठूमर आई हुई थी। घटना के समय परिवार के सदस्य पशुओं को चारा डालने में व्यस्त थे, जबकि मासूम घर के बाहर अकेली खेल रही थी। तभी अचानक एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और बच्ची पर हमला बोल दिया। कुत्ते ने उसके सिर को बुरी तरह नोच डाला। बालिका की चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े तो देखा कि कुत्ता अब भी उसके सिर पर हमला कर रहा था। काफी मशक्कत के बाद परिजनों ने बालिका को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।

घायल बालिका के मामा हेमराज ने बताया कि हमले के बाद बालिका के सिर से लगातार खून बह रहा था। परिजन तत्काल उसे कठूमर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे अलवर जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निकाय से आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से श्रमिक झुलसा

अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में टोडा ज्ञानसिंह गांव में रविवार को निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा एक श्रमिक उच्च क्षमता के बिजली के तारों के सम्पर्क में आने से बुरी तरह झुलस गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक मकान के निर्माण के दौरान श्रमिक ओमप्रकाश लोहे का सरिया काट रहा था। सरिया को सीधा करने के दौरान वह 11 हजार वोल्ट की उच्च क्षमता की विद्युत तार से छू गया, जिससे तेज धमाका हुआ और श्रमिक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन घायल को तुरंत राजगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।