हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र में बस में मात्र एक रुपए के किराए को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग छात्र पर हमला करके उसे बुरी तरह घायल करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मलसीसर बस स्टैंड पर बुरी तरह पीटे गए किशोर को जमीन पर गिराकर लाठियों-डंडों, लातों-घूसों से बेरहमी से मारा गया। छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे हरियाणा के हिसार शहर के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इसका वीडियो वायरल होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी ने मामले की गंभीरता से लिया और तुरंत हस्तक्षेप करते हुए चार मुख्य आरोपियों को दस्तयाब कर लिया। चौधरी ने कहा कि वीडियो सामने आने के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की और तीन आरोपियों को कल फिर हिरासत में ले लिया है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने किसी पुरानी रंजिश से इन्कार किया है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। उन्होंने बताया कि भगवानाराम जाट(40), चुन्नीराम जाट (62), मानसिंह सुथार (54) और प्रदीप उर्फ धोलू जाट (32) को दस्तयाब किया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।



