अजमेर। हरियाणा में रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय मे 2 से 7 फरवरी तक आयोजित स्पेशल ओलिंपिक एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में अजमेर की गुंजन बागड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मैडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनका व्यक्तिगत गौरव बढ़ाया, बल्कि राजस्थान महिला कल्याण मंडल मीनू स्कूल का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
कोच सीमा चौधरी ने बताया कि रोहतक में स्पेशल ओलिंपिक एथलेटिक्स चैंपियनशिप मेंं 12 राज्यों के खिलाड़ियों ने लिया भाग। चैंपियनशिप के दौरान 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3 हजार मीटर व 5 हजार मीटर दौड़ आयोजित की गई। इसके साथ ही रिले दौड़, लांग जम्प, स्टैंडिंग लांग जम्प, शॉटपुट व जैवलिन थ्रो में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। मुख्य अतिथि डीसी सचिन गुप्ता व एमडीयू वीसी प्रो. राजबीर सिंह ने मेडल पहनाकर विजेताओं को सम्मानित किया।
स्पेशल ओलिंपिक भारत एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप में आंध्र प्रदेश, मिजोरम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एंड कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिसा, पोंडीचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडू, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, वेस्ट बंगाल, हरियाणा की टीम ने भाग लिया।




