भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के रुदावल थाना क्षेत्र में रसीलपुर गांव में बुधवार को बर्तन बेचने के बहाने आये चार बदमाश एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाने के बाद 14 हजार रुपए लेकर फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव में लगे एक सीसीटीवी में मोटर साइकिल पर सवार दो बदमाश कैद हुए हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। बताया गया कि दो मोटर साइकिल पर सवार चार बदमाशों ने बर्तन बेचने के बहाने आवाज लगाकर घर पर अकेली खाना बना रही गुड्डी को बाहर बुलाया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद चारों बदमाश घर के अंदर घुसकर बर्तन दिखाने लगे। बदमाशों ने इसी दौरान गुड्डी को नशीला पदार्थ सुंघा दिया जिसके बाद घर में रखे रुपए मंगाने पर गुड्डी ने 14 हजार रुपए निकाल कर उन्हें दे दिए। होश आने पर गुड्डी ने अपने पति सतीश को फोन करके घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक व्यक्ति की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इंदौर जा रहे आदित्य राज (32) निवासी समस्तीपुर, बिहार दिल्ली- मुंबई रेलमार्ग पर ट्रेन से गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। बुधवार को उसके पिता द्वारा शिनाख्त किये जाने पर पोस्ट मॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
सूत्रों ने बताया कि उसके शव की शिनाख्त नहीं होने के कारण रात को आरबीएम अस्पताल में रखवाया गया। मृतक की पेंट की जेब से मिली एक डायरी में लिखे कुछ फोन नंबरों पर सम्पर्क करने से शव की शिनाख्त हो सकी। इसके बाद मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। मृतक के परिजन बुधवार को आरबीएम अस्पताल पहुंचे।



