भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी जिले में शनिवार को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आयी जिसमें बदमाशों ने एक नाबालिग लड़की को आग के हवाले कर दिया। बच्ची को गंभीर हालत में एम्स भुवनेश्वर में भर्ती किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने आज सुबह पुरी जिले के नीमापारा तहसील के बयाबार इलाके में एक नाबालिग लड़की (15) पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़कर कथित तौर पर आग लगा दी। लड़की 60 प्रतिशत तक जल गई। उसको स्थानीय ग्रामीणों ने पहले पिपिली अस्पताल पहुँचाया और बाद में बेहतर उपचार के लिए एम्स भुवनेश्वर भेज दिया।
सूत्रों के अनुसार लड़की अपने एक दोस्त के घर जा रही थी, तभी हमलावरों ने उसे रोक लिया, उस पर मिट्टी का तेल डाला और आग लगा दी। हमलावर इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
ओडिशा कांग्रेस की एक तथ्यों की जांच करने वाली टीम ने एम्स भुवनेश्वर का दौरा किया और पीड़िता के परिवार से बात की। पिपिली के पूर्व विधायक रुद्र प्रताप मोहरथी ने घटना की कड़ी निंदा की है और हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नवीन पटनायक ने की नाबालिग के साथ जघन्य कृत्य की कड़ी निंदा
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने पुरी जिले के बलंगा इलाके में शनिवार को बदमाशों द्वारा दिनदहाडे नाबालिग लड़की पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग के हवाले करने की जघन्य कृत्य की कड़ी निंदा की।
पटनायक ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा कि पुरी जिले के बलंगा इलाके में एक नाबालिग को आग के हवाले कर दिए जाने की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। उसे जान से मारने की कोशिश दिनदहाड़े हुई। मैं इस जघन्य कृत्य की कड़ी निंदा करता हूं।
उन्होंने कहा कि यह एफएम कॉलेज में एक युवती द्वारा खुद को आग लगाने की भयावह घटना के ठीक एक हफ्ते के भीतर हुआ है, जब उसे न्याय नहीं मिला। न्याय के लिए पीड़िता ने हर दरवाज़ा खटखटाया था। एक महीने बाद उसने गोपालपुर में आत्महत्या कर ली।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ ऐसी अकल्पनीय घटनाएं अब पूरे ओडिशा में लगभग रोज़ाना सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ये हिंसा के छिटपुट मामले नहीं हैं। चौंकाने वाली नियमितता के साथ हो रही ये घटनाएँ शासन की गहरी व्यवस्थागत विफलता की ओर इशारा करती हैं। यह दर्शाती है कि वर्तमान सरकार के शासन में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और उन्हें सज़ा मिलने की कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने सत्तारूढ सरकार पर हमला बोला और कहा यह दर्शाता है कि सरकारी निष्क्रियता और राजनीतिक संरक्षण के कारण ओडिशा महिलाओं के लिए कितना असुरक्षित होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्या ओडिशा सरकार इस गहरी नींद से जागेगी और अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए त्वरित कार्रवाई करेगी और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि क्या सरकार ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कोई कदम उठाएगी। ओडिशा की लड़कियां और महिलाएं जवाब का इंतजार कर रही हैं।
गाैरतलब है कि अज्ञात बदमाशों ने आज सुबह पुरी जिले के नीमापारा तहसील के बयाबार इलाके में एक नाबालिग लड़की पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर कथित तौर पर आग लगा दी। लड़की 60 प्रतिशत तक जल गई। उसको स्थानीय ग्रामीणों ने पहले पिपिली अस्पताल पहुंचाया और बाद में बेहतर उपचार के लिए एम्स भुवनेश्वर भेज दिया।