श्रीगंगानगर में बदमाशों ने मचाया आतंक, लाठियों-तलवारों से तोड़फोड़ और मारपीट की

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में सांसी मोहल्ला में मंगलवार देर रात नशा तस्करी से जुड़ी मुखबिरी को लेकर मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 25 बदमाशों के गिरोह ने उदाराम चौक के निकट सांसी मोहल्ले में आतंक मचा दिया।

बदमाशों के पास लाठियां और तेज धार वाली तलवारें थीं। बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला किया, मोहल्ले में खड़ी कारों और ऑटो रिक्शा के शीशे तोड़े और पथराव करके काफी तोड़फोड़ की।

बुधवार को तड़के ज्योति (27) निवासी सांसी मोहल्ला ने पुलिस को शिकायत की कि उसके भाई के साथ विजय उर्फ बिल्ला वाल्मीकि की पुरानी रंजिश है। इसी रंजिश के कारण मंगलवार रात करीब साढ़े बजे विजय उर्फ बिल्ला अपने करीब 25 साथियों के साथ मोहल्ले में पहुंचा। बदमाशों ने सीधे उनके घर पर हमला बोल दिया।

उन्होंने घर में घुसकर ज्योति की मां माया देवी और बुआ गीता देवी के साथ मारपीट की। घर के शीशों पर पत्थर बरसाये गये। इसके बाद बदमाश मोहल्ले में फैल गए और तोड़फोड़ पर उतर आए। अजय सांसी के तिपहिया ऑटो रिक्शा, चावला और सोनी के घरों के बाहर खड़ी दो-तीन कारों के शीशे तोड़ दिए गए। स्नेहा नामक महिला के घर के बाहर लगा एसी आउटर पैनल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

मोहल्ले के कुछ लोगों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। बदमाशों ने जमकर पथराव किया, जिससे कई घरों के बाहरी शीशे टूट गए।

उधर, फसाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। इस मामले में करीब 25 बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मुख्य आरोपियों में विजय उर्फ बिल्ला वाल्मीकि, कृष्णबिहारी, मनीष बिहारी, गौरव उर्फ गद्दी, लक्की उर्फ ज्ञानी सहित अन्य शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले इसी मोहल्ले में नशा तस्करी का एक मामला सामने आया था। नशा तस्करों के खिलाफ मुखबिरी किए जाने के कारण रंजिश पैदा हुई, जिसका नतीजा यह बवाल बना। इस घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।