अलवर के सेंट्रल जेल में मिला मोबाइल फोन और डाटा केबल

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के सेंट्रल जेल में रात्रि गश्त के दौरान मोबाइल फोन और डाटा केबल बरामद होने से जेल में हड़कंप मच गया।

जेल सूत्रों ने शनिवार को बताया कि जेल के कार्मिक वार्डों में गश्त कर रहे थे। इस दौरान वार्ड नंबर-आठ और नौ के बीच मंदिर के ऊपर किसी वस्तु के नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी। इस पर हल्का नंबर-दो प्रभारी मनोज शर्मा सहित ड्यूटी स्टाफ मौके पर पहुंचा और टॉर्च की रौशनी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वार्ड नंबर-नौ के सामने मंदिर के ऊपर मिट्टी के रंग का एक संदिग्ध लावारिस पैकेट मिला। जांच के बाद पैकेट को सील कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर रात्रि गश्त अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा और पवन डूकिया मौके पर पहुंचे। पैकेट की जानकारी जेल अधीक्षक को दी गई जिनके निर्देश पर पैकेट को खोलकर जांच की गई। जांच के दौरान पैकेट से एक कीपैड मोबाइल फोन बिना सिम का, बैटरी सहित और दो सफेद रंग की डेटा केबल बरामद की गई।

मोबाइल के दो आईएमईआई नंबर भी दर्ज किए गए। इस संबंध में केंद्रीय कारागृह अधीक्षक की ओर से पुलिस थाना कोतवाली अलवर को रिपोर्ट भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद सील पैकेट पुलिस के सुपुर्द किया गया।