चेन्नई। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दी, जिससे पश्चिमी घाट और तमिलनाडु के सीमावर्ती जिलों में भारी बारिश होने तथा भीषण गर्मी के प्रकोप से राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, मध्य-पश्चिम और मध्य-पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्सों, पूरे लक्षद्वीप द्वीप समूह, केरल और माहे में आगे बढ़ गया है। इसके साथ ही मानसून आज कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम, मध्य-पश्चिम, मध्य-पूर्व एवं उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में भी आगे बढ़ चुका है।
विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों के दौरान मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूरे गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, मध्य-पश्चिम, मध्य-पूर्व और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तथा पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया कि आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून को केरल में दस्तक देता है। इस बार मानसून अपनी सामान्य तिथि से तीन दिन की देरी से केरल पहुंचा है। मौसम कार्यालय ने आने वाले दिनों में केरल से सटे कुछ सीमावर्ती जिलों और डेल्टा क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। चेन्नई और उससे सटे उत्तरी जिलों में कल छिटपुट भारी बारिश के साथ मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
अगले सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, तिरुपुर, डिंडीगुल, तेनकासी के घाट क्षेत्रों, तिरुनेलवेली के घाट क्षेत्रों, कन्याकुमारी, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरी, तिरुपत्तूर, वेलोर, तिरुवन्नामलाई और रानीपेट जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
केरल की सीमा से लगे दक्षिणी जिलों, कावेरी डेल्टा और उत्तरी तमिलनाडु के जिलों में कल कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं, जिसके लिए मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन क्षेत्रों में कन्याकुमारी, नीलगिरी और कोयंबटूर जिले शामिल हैं।
थेनी, तेनकासी के घाट क्षेत्रों, तिरुनेलवेली के घाट क्षेत्रों, डिंडीगुल, तिरुपुर, विरुधुनगर, मदुरै, शिवगंगा, नागपट्टिनम, तिरुवारूर, तंजावुर, मयिलादुथुरै, पुदुक्कोट्टई, सलेम, तिरुवन्नामलाई, चेन्नई, कांचीपुरम, रानीपेट, विल्लुपुरम, तिरुवल्लूर, वेलोर, चेंगलपट्टू और इरोड जिलों के साथ-साथ पुड्डुचेरी और कराइकल क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के अनुमान के कारण ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मानसून के प्रभाव से छह जून को नीलगिरी, कोयंबटूर, कन्याकुमारी, थेनी और डिंडीगुल जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरी, तिरुपत्तूर, वेलोर, रानीपेट, तेनकासी के घाट क्षेत्रों, तिरुनेलवेली के घाट क्षेत्रों, तिरुपुर, मदुरै और विरुधुनगर जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं।
सात जून को नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुपुर, डिंडीगुल, थेनी और कन्याकुमारी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरी, तेनकासी के घाट क्षेत्रों, तिरुनेलवेली के घाट क्षेत्रों, विरुधुनगर और मदुरै जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं।
आठ से 10 जून तक नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुपुर, डिंडीगुल, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली के घाट क्षेत्रों, तेनकासी के घाट क्षेत्रों और थेनी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।



