सवाई माधोपुर में ट्रैक्टर पर पेड़ गिरने से छह से ज्यादा लोग घायल

3

सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर में लालसोट-कोटा मेगा हाईवे पर भाड़ौती टोल प्लाजा के पास बुधवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पेड़ गिर जाने से महिलाओं सहित छह से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार आज शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे। सभी कांच की झोंपड़ी से काले खेजड़ा वाले स्थान पर गुरु पूर्णिमा की प्रसादी लेने जा रहे थे। रास्ते में अचानक मौसम खराब हो गया।

भाड़ौती टोल प्लाजा स्थित विनायक होटल के पास तेज आंधी के चलते सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आ गिरा जिससे ट्रैक्टर पलट गया। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने ट्रॉली में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया। खिरनी पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

मंदिर से दो किलोग्राम का चांदी का छत्र चोरी

सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल इटावा बालाजी मंदिर से बुधवार देर रात दो किलोग्राम से ज्यादा वजनी चांदी का छत्र, मुकुट और नारियल चोरी हो जाने से गुरुवार को ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर पहुंचे और बाद में चौथ का बरवाड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चोरों ने मंदिर में घुसने के लिए लोहे की जालियां काटीं और लाखों की कीमत के आभूषण लेकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते फरार हो गए। चोरों की तलाश के लिए पुलिस के अलग-अलग दल गठित किए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।