टोल प्लाजा कर्मचारी की हत्या का पर्दाफाश, एक युवक अरेस्ट, दो नाबालिक निरूद्ध

0

हनुमानगढ़। जिले के गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में मुंसरी टोल प्लाजा पर कर्मचारी कारूलाल नागर की चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। वारदात में शामिल होने के आरोप में हरियाणा के हिसार निवासी 19 वर्षीय अंकित धानक को बापर्दा गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। तीनों की पहचान के लिए पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ होटलों के रिकॉर्ड भी जांचे।

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 23 सितंबर की रात तीन युवक मोटरसाइकिल से गोगामेड़ी की ओर से मुंसरी टोल प्लाजा पहुंचे थे। बाइक को गलत लेन से निकालने की कोशिश पर टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

कहासुनी के बाद चाकू से हमला

विवाद बढ़ने पर आरोपियों में शामिल एक नाबालिग ने कथित तौर पर चाकू निकालकर टोलकर्मी कारूलाल नागर के पेट में वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे कर्मचारी धर्मवीर पर भी हमला किया गया, जिससे उसकी पीठ पर चोट आई। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास तलवार भी थी, जिसे लहराते हुए वे मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल कारूलाल को पहले गोगामेड़ी और बाद में भादरा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक कारूलाल झालावाड़ जिले के बोरखेड़ी क्षेत्र का रहने वाला था। वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई थी।

गोगामेड़ी मेला देखकर लौट रहे थे तीनों

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों युवक हरियाणा नंबर की बाइक से गोगामेड़ी मेला देखने आए थे। वापस लौटते समय तड़के करीब तीन बजे वे टोल प्लाजा पहुंचे और गलत लेन से बाइक निकालने को लेकर विवाद हो गया।

वारदात के बाद आरोपियों की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। इसके लिए अलग-अलग टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और 100 से ज्यादा होटलों के रिकॉर्ड खंगाले। करीब 100 किलोमीटर क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश भी दी गई। इसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिसार की नवदीप कॉलोनी, आनंद नगर निवासी अंकित धानक के रूप में हुई है। उसके साथ वारदात में शामिल बताए जा रहे दोनों नाबालिगों को पुलिस ने निरुद्ध किया है। मामले में आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।