अजमेर। नवरात्र के अवसर पर राजगढ़ स्थित श्री मसाणिया भैरव धाम में शुक्रवार को छठ मेले का आयोजन होगा। मेले को लेकर धाम परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। नवरात्र महोत्सव के चलते इन दिनों धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
धाम प्रवक्ता अविनाश सेन के अनुसार, नवरात्र शुरू होने के साथ ही श्रद्धालु अखंड ज्योति के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु मनोकामना पूरी होने के बाद परिवार और रिश्तेदारों के साथ बाबा भैरवनाथ की प्रसादी कर रहे हैं। सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा सहित विभिन्न जिलों से आए भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ प्रसादी के कार्यक्रम किए।
झंडों के साथ पहुंचेंगे श्रद्धालु
छठ मेले के दौरान श्रद्धालु चक्की वाले बाबा के मुख्य मंदिर से सर्वधर्म मनोकामनापूर्ण स्तंभ तक हजारों झंडे लेकर पहुंचेंगे। इस दौरान गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर श्रद्धालुओं के भक्ति में झूमने का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहेगा।
धाम से जुड़े लोगों के मुताबिक, सर्वधर्म मनोकामनापूर्ण स्तंभ की परिक्रमा और विशेष चिमटी प्राप्त करने की परंपरा मेले की प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। श्रद्धालु इसे अपनी आस्था और मनोकामना से जोड़कर देखते हैं। चिमटी वितरण के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।
महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग दर्शन व्यवस्था
मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज ने धाम परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा, पार्किंग और दर्शन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बेरिकेडिंग कर दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
धाम परिसर में भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ सर्वधर्म मनोकामनापूर्ण स्तंभ की परिक्रमा तथा चिमटी वितरण के लिए अलग व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
व्यवस्थाओं में जुटी टीम
मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में अविनाश सेन, राहुल सेन, मुकेश सेन, कैलाश सेन, यश मारोठी, कमल, कन्हैयालाल, देवानन्द, मनोज मेहरा, सुनील, दीपक बसीटा, अमिताभ, राजकुमार त्रिपाठी, ओमप्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
नवरात्र छठ मेले के दौरान राजगढ़ धाम में धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर कमेटी और भक्त मंडल की ओर से दर्शन, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रखने पर जोर दिया जा रहा है।



