रायसेन में करीब 50 साल पुराना नया गांव पुल गिरा, 4 घायल

रायसेन। मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के बरेली-पिपरिया मार्ग पर स्थित नया गांव पुल आज सुबह अचानक ढह गया। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जबकि पुल के नीचे कई मजदूर काम कर रहे थे। मजदूरों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई।

पुल के ऊपर से गुजर रही दो मोटरसाइकिलें नीचे गिर गईं। घायल चारों को बरेली सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में जैत निवासी और बरेली के धोखेड़ा के युवक शामिल थे। पुल गिरने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।

कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री के क्षेत्र में ऐसी घटनाएं सरकार के सुशासन पर सवाल खड़े करती हैं और यह भ्रष्टाचार का उदाहरण है। रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि पुल का निर्माण 1980 में हुआ था, लंबाई करीब 120 फीट और चौड़ाई 25 फीट है। यह पुल स्टेट हाईवे पर बरेली और पिपरिया को जोड़ता था।

वही एमपीआरडीसी की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल मार्ग बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।