ब्यावर। ब्यावर में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नवनियुक्त नरेंद्र पारीक ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र पारीक का स्वागत किया। वहीं, पूर्व पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना को कार्यमुक्त कर दिया गया है।
कार्यभार संभालने के बाद डीएसपी नरेंद्र पारीक ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा तथा बढ़ते अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को आमजन के साथ बेहतर समन्वय रखते हुए कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।



