करौली नव पदस्थापित नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह का पेड़ से लटका मिला शव

316

करौली। राजस्थान में करौली के जिला कलेक्ट्रेट के सामने सिटी पार्क में शनिवार को नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह ने बीमारी से तंग आकर पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह राजेंद्र सिंह की मृत्यु की सूचना पर उनके परिजन करौली पहुंच गए और शव भरतपुर जिले के पैतृक बाई गांव ले गये जहां उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मृतक राजेंद्र सिंह का हाल ही में धौलपुर से करौली तबादला हुआ था। उन्होंने करौली में अपना पदभार भी ग्रहण कर लिया था।

करौली में उनके किराए के घर पर उनके पर्स में उनकी बड़ी बेटी प्रीति (बुलबुल) के नाम लिखा एक पत्र मिला है जिसमे राजेंद्र ने बीमारी से तंग आकर यह कदम उठाने के साथ छोटी बहन और चचेरे भाई का ध्यान रखने की बात लिखी है। पत्र में उन्होंने चार बैंक खातों के विवरण का जिक्र किया है।

उधर उनके पारिवारिक सूत्रों बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा था। उन्हें बस चक्कर आते थे, इसलिए अक्सर बीमार रहते थे। उनका इलाज चल रहा था। फिलहाल पुलिस उनकी मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।