![अमेरिका के न्यू ऑर्लियांस में गोलीबारी, सोलह लोग घायल अमेरिका के न्यू ऑर्लियांस में गोलीबारी, सोलह लोग घायल](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2015/11/gun2.jpg)
![sixteen people injured in New Orleans park shooting in US](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2015/11/gun2.jpg)
वॉशिंगटन। अमेरिका के न्यू ऑर्लियांस में अज्ञात बदूंकधारी द्वारा की गई गोलीबारी में सोलह लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
न्यू ऑर्लियंस पुलिस प्रवक्ता टेलर गैम्बल ने बताया कि यह घटना रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे उस वक्त घटित हुई जब न्यू ऑर्लियंस के 9वें वार्ड में बने फ्रैंड पार्क में लगभग पांच सौ लोग मौजूद थे। यह लोग यहां पर एक म्यूजिक वीडियो के लिए एकत्रित हुए थे।
![sixteen people injured in New Orleans park shooting in US](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2015/11/gunf1.jpg)
उन्होंने बताया कि हमले में घायल हुए लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया जबकि कुछ लोगों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। गैम्बल ने बताया कि जांचकर्ताओं को गोलीबारी होने के कारणों का अभी कुछ पता नहीं चला है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान दो हथियारबंद हमलावरों ने भीड़ पर लगातार गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। इसमें करीब सोलह लोग घायल हो गए हैं। मौके पर स्थानीय मेयर मिच लैंड्रयू भी पहुंच गए हैं।