

ब्रुसेल्स। पेरिस हमलों के एकमात्र जीवित आरोपी सालाह अबदेसलाम के भाई का कहना है कि सालाह ने पेरिस हमलों के दौरान लोगों की जान बचाने के लिए खुद को बम से उड़ाने का इरादा छोड़ दिया था।
बेल्जियम जेल की कोठरी में सालाह से मुलाकात के बाद उसके भाई मोहम्मद अबदेसलाम ने फ्रेंच बीएफएमटीवी से बातचीत में यह दावा किया। पेरिस हमलों के प्रमुख आरोपी सालाह अबदेसलाम का जल्द ही फ्रांस प्रत्यर्पण हो जाएगा। इससे जु़ड़ी कानूनी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी हैं।
मोहम्मद का कहना है कि उसके भाई सालाह ने उसे बताया कि यदि विस्फोट हो गया होता तो पीड़ितों की संख्या और अधिक होती लेकिन सौभाग्य से वह ऐसा नहीं कर पाया।
अबदेसलाम को 18 मार्च को बुसेल्स पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के चार दिन बाद ही ब्रुसेल्स में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ ।
बेल्जियम की ब्रूश जेल में उससे मिलने के बाद, मोहम्मद अबदेसलाम ने कहा कि सालाह फ्रांस के अधिकारियों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है, क्योंकि वह मानता है कि वह फ्रांस के प्रति जवाबदेह है, बेल्जियम के प्रति नहीं। मोहम्मद का संदर्भ बेल्जियम हमलों से था जिसमें सालाह को भी एक आरोपी माना जा रहा है।
बेल्जियम के एक समाचार पत्र के मुताबिक अबदेसलाम अब भी ब्रुसेल्स में हुये हमलों का आरोपी है। पत्र के मुताबिक फ्रांस की जेल में रहते हुये भी उसपर बेल्जियम में संयुक्त रुप से मुकदमा चलाया जायेगा।
अबदेसलाम का कहना है कि उसे इस हमले के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद उसके वकील सवन मेरी ने कहा कि अब उनका मुवकील पेरिस प्रत्यर्पण का विरोध नहीं करना चाहता और वह नहीं जानता की बेल्जियम में आतंकी हमला होने वाला था।
अबदेसलाम 13 नवंबर 2015 की रात को पेरिस में हुये हमलों का आरोपी है जिसमें 130 लोगों की मौत हुई थी। उस रात अबदेसलाम के भाई ब्रहीम ने स्वयं को बम से उड़ा लिया था।