
-
aishwarya rai bachchan’s jazbaa to release on october 9 मुंबई। फिल्म अभिनेत्री ऐश्वर्य राय की बड़े पर्दे पर वापसी वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जज्बा’ नौ अक्टूबर को प्रदर्शित होगी। फिल्म का निर्देशन संजय गुप्ता ने किया है।
फिल्म के प्रदर्शन की तारीख की घोषणा बुधवार को ट्विटर पर एक बयान में की गई और गुप्ता ने भी अपने ट्विटर खाते से इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने ट्वीट किया कि उल्टी गिनती अब शुरू होती है। ‘जज्बा’ नौ अक्टूबर, 2015 को प्रदर्शित होगी।
एस्सेल विजन प्रोडक्शन लिमिटेड, अभिनेता-निर्माता सचिन जोशी की विकिंग एंटरटेंमेंट और गुप्ता की व्हाइट फेदर फिल्म्स ने साथ मिलकर फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म में इरफान खान, शबाना आजमी, अभिमन्यु सिंह, अतुल कुलकर्णी और चंदन राय सान्याल ने काम किया है।
जी एंटरटेंमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने फिल्म के लिए खास प्रचार अभियान तैयार किया है। फिल्म की कहानी कमलेश पांडे एवं रॉबिन भट्ट ने लिखी है। सिनेमाटोग्राफी समीर आर्या की है और संपादन बंटी नेगी एवं रसूल पूकुट्टी ने किया है।
सूत्रों के अनुसार, निर्माता फिल्म को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रह हैं, क्योंकि उनका इरादा फिल्म को इस साल कांस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भेजने का है।