NMO द्वारा हंता वायरस अवेयरनेस एवं CPR प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

0

जयपुर। राष्ट्रीय मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (NMO) महानगर जयपुर इकाई द्वारा सवाई मानसिंह अस्पताल स्थित JMA हॉल में हंता वायरस अवेयरनेस एवं CPR प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सकों, मेडिकल विद्यार्थियों एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लगभग 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सह प्रांत संघचालक एवं इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. हेमंत सेठिया ने कहा कि वर्तमान समय में सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक सामाजिक आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने बताया कि सही समय पर सीपीआर मिलने से अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।

उन्होंने हाल ही में एयरपोर्ट पर एक डॉक्टर द्वारा सीपीआर देकर एक व्यक्ति की जान बचाने के उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि एनएमओ इस प्रकार के प्रशिक्षण को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करें, तो यह एक बहुत बड़ा सामाजिक अभियान बन सकता है। उन्होंने कहा कि एनएमओ केवल चिकित्सकों का संगठन नहीं, बल्कि समाज जीवन में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुनील महावर ने प्रेजेंटेशन देते हुए हंता वायरस के संक्रमण, उसके लक्षण, बचाव, उपचार एवं रोकथाम के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में जागरूकता और रोकथाम ही इस प्रकार के संक्रमणों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीके जैन ने सीपीआर प्रशिक्षण सत्र में सीपीआर की प्रक्रिया को मौखिक एवं प्रायोगिक दोनों माध्यमों से विस्तारपूर्वक समझाया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता के महत्व से अवगत कराया।

डॉ. जैन ने कहा कि आज के समय में सीपीआर प्रशिक्षण को केवल मेडिकल क्षेत्र तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे विद्यालय स्तर से ही स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि सामान्य नागरिक भी आपात स्थिति में किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में सक्षम हो सकें। उन्होंने कहा कि यदि समाज के अधिकाधिक लोगों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया जाए, तो हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि वे इस प्रशिक्षण को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए सदैव सहयोग के लिए तैयार हैं।

कार्यक्रम में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, एनएमओ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सुशील भाटी, प्रांत अध्यक्ष डॉ. शेरसिंह यादव, प्रांत सचिव राजकुमार, महानगर अध्यक्ष डॉ. बुद्धिप्रकाश एवं महानगर सचिव डॉ. आशालता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशालता ने किया।