कोटपूतली-बहरोड़। राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर थाना क्षेत्र में एक कुख्यात बदमाश की गोली लगने से मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान हरसौरा थाना क्षेत्र के मुगलपुर गांव के महेश गुर्जर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे महेश गुर्जर अपने एक रिश्तेदार चेतन उर्फ काली और अन्य एक-दो दोस्तों के साथ गांव के ही एक खेत में बैठा हुआ था। इसी दौरान चेतन के हाथ में मौजूद एक हथियार से अचानक दुर्घटनावश गोली चल गई जो महेश गुर्जर के पेट में लगी। इससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
गोली लगने के तुरंत बाद घायल महेश को गंभीर हालत में पहले बानसूर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकाें ने उसे कोटपूतली भेज दिया। कोटपूतली से उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर भेजा गया, जहाँ उसे निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बानसूर पुलिस उपाधीक्षक मेघा गोयल ने बताया कि मृतक महेश गुर्जर क्षेत्र का सक्रिय कुख्यात बदमाश था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गोयल ने बताया कि पुलिस हर बिंदु से घटना की जांच कर रही है। फिलहाल मामला हथियार के अचानक चलने का बताया जा रहा है। पुलिस उन सभी लोगों से पूछताछ कर रही है जो घटना के वक्त मौके पर मौजूद थे।



