भ्रष्टाचार के आरोप में ओडिशा का इंजीनियर अरेस्ट, करोड़ों की संपत्ति का पता चला

0

भुवनेश्वर। ओडिशा सतर्कता विभाग ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसी (आईटीडीए) के एक इंजीनियर को रविवार को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से 2.04 करोड़ रुपये नकद सहित अकूत संपत्ति का पता चला है।कंधमाल जिले के बालीगुडा में आईटीडीए के सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) के पद पर तैनात बैकुंठ नाथ बेहरा को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसे भुवनेश्वर की विशेष सतर्कता अदालत में पेश किया जा रहा है। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, बेहरा से जुड़े ठिकानों पर एक साथ की गयी छापेमारी में भारी मात्रा में चल और अचल संपत्ति का पता चला है, जिसका वह कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सका।

उजागर की गयी संपत्तियों में 2.04 करोड़ रुपए नकद, 20,000 वर्ग फुट से अधिक में बनी पांच बहुमंजिला इमारतें, 14 कीमती भूखंड, लगभग 500 ग्राम सोने के आभूषण और करीब 45 लाख रुपए की बैंक जमा राशि शामिल है। इन संपत्तियों में भुवनेश्वर में स्थित चार आलीशान मकान भी शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि बेहरा की पत्नी के नाम पर मौजूद एक बैंक लॉकर को अभी खोला जाना बाकी है।

सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बेहरा लगभग 27 वर्ष पहले करीब 6,000 रुपए के मासिक वेतन पर सरकारी सेवा में शामिल हुआ था। उसने अपने करियर का अधिकांश समय राज्य के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में बिताया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांचकर्ता अब इन संपत्तियों के स्रोत की जांच कर रहे हैं और यह भी सत्यापित कर रहे हैं कि क्या आरोपी से जुड़ी कोई अतिरिक्त संपत्ति या निवेश तो नहीं है।