श्रीगंगानगर में सैन्य वाहनों की टक्कर से एक जवान की मौत, दो घायल

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर दो सैन्य वाहनों में हुई टक्कर में एक जवान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक जवान की पहचान कुमार दास (36) के रूप में हुई है जो तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले के कलकुलम थाना क्षेत्र के कोथानालोर गांव का निवासी था। वह वाहन का चालक था। हादसे में घायल हुए दो अन्य जवानों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन उनका उपचार जारी है।

यह घटना बीकानेर जिले में स्थित महाजन फील्ड रेंज में सैन्य अभ्यास से जुड़ी हुई है। हरियाणा के अंबाला से एक सैन्य यूनिट अभ्यास के लिए रवाना हुई थी। इस यूनिट का काफिला बठिंडा में रुका और वहां से 11 फरवरी को सूरतगढ़ की ओर प्रस्थान किया।

यूनिट के एक सूबेदार बलवंतसिंह अहिर (44) ने पुलिस को बताया कि 11 फरवरी की शाम को जब सैन्य वाहनों का काफिला राष्ट्रीय राजमार्ग 62 से गुजर रहा था, तभी एक वाहन का टायर अचानक फट गया। इससे पीछे से आ रहा दूसरा वाहन तेज गति से उससे टकरा गया। टक्कर से पीछे वाले वाहन की केबिन में बैठे चालक कुमार दास को गंभीर चोटें लगीं, जबकि आगे बैठे दो अन्य जवान भी बुरी तरह घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और सैन्य अधिकारियों ने तुरंत घायलों को निकटवर्ती सूरतगढ़ छावनी के मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव सेना को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव कोथानालोर भेज दिया गया है।

तीन वर्षीय बालिका से गंदी हरकतें करने के दोषी युवक को जेल

श्रीगंगानगर के यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम मामलों के विशेष न्यायालय (संख्या-दो) ने तीन वर्षीय बालिका से अश्लील हरकतें करने के आरोपी को शुक्रवार को दोषी करार देते हुए पांच वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। विशेष न्यायाधीश ने अभियुक्त सनि (29) को तीन वर्षीय बालिका से अश्लील हरकत करने का दोषी मानते हुए उस पर एक लाख रुपए का जुर्माना किया। मामले के अनुसार 22 फरवरी 2025 को अभियुक्त सनि घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बालिका को अपने घर ले गया और उससे अश्लील हरकतें कीं। उसी दौरान बालिका की मां वहां पहुंच गई।