अलवर। राजस्थान में अलवर के अलवर-बहरोड़ मार्ग पर बुधवार देर रात ट्रॉले की टक्कर से मोटर साइकिल पर सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि जिंदोली गांव निवासी कृष्ण मेघवाल और उसका दोस्त सुमित स्वामी मोटर साइकिल से ततारपुर चौराहे की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। कृष्ण को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद दोनों युवक देर रात अस्पताल दिखाने के लिए निकले थे। रास्ते में बहरोज गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी, इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि आस पास के लोगों ने दोनों को अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कृष्ण मेघवाल को मृत घोषित कर दिया, वहीं सुमित की हालत गंभीर होने के कारण उसे जयपुर भेज दिया गया। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।



