बारां। राजस्थान में बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग -27 पर तड़के एक कार के अनियंत्रित होकर खेत में गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए।
पुलिस सू्त्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश के भिंड जिले के एक ही परिवार के आठ लोग कार से अहमदाबाद जा रहे थे। तड़के करीब साढ़े तीन बजे डेरू माता के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। आस पास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां दिलीप दिवाकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा भेज दिया गया, जबकि तीन का अंता के अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
डेढ़ किलो अवैध गांजा ले जाते एक व्यक्ति अरेस्ट
बारां के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके उससे एक किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने मंगलवार को बताया कि पुलिस दल ने गश्त के दौरान नटराज गार्डन के पास उत्तम कोलोनी क्षेत्र में एक व्यक्ति को मोटर साइकिल पर जाते देखा जो पुलिस को देखकर वापस जाने लगा। संदिग्ध होने पर उसे पकड़कर उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि उसकी पहचान विजय सुमन उर्फ बृजमोहन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।



