हनुमानगढ़ में बस पलटने से एक महिला की मौत, 20 से अधिक घायल

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बस पलटने से एक महिला की मौत हो गइई जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना के शिकार लोग बीकानेर से सुबह पीलीबंगा के लिए रवाना हुए थे। वह पीलीबंगा में नगरपालिका के एक अधिकारी के घर नवजात बच्चे के नामकरण समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बस पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे पीलीबंगा-सूरतगढ़ फोरलेन राजमार्ग पर अमरपुरा गांव के नजदीक ओवरब्रिज पर बने डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस पलटने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बस में फंस गए। आसपास से गुजर रहे वाहनों के चालक और स्थानीय लोग तुरंत रुककर बचाव कार्य में जुट गए। बड़ी मुश्किल से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। आस-पास के गांवों के निवासी भी दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पलटी हुई बस को क्रेन की मदद से सीधा किया गया। घायलों को तुरंत विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। तीन घायलों को घटनास्थल से सीधे सूरतगढ़ ले जाया गया, जहां ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराई गई एक महिला की कुछ ही देर बाद मौत हो गई।

मृतक महिला की पहचान लक्ष्मी देवी (45) पत्नी शिवलाल निवासी बीकानेर के रूप में हुई है। घायल दंपती चांदरतन (55) और रेखा (50) भी सूरतगढ़ में भर्ती हैं। हनुमानगढ़ टाउन सिविल अस्पताल में चार घायलों को लाया गया, जिनमें से दो को परिजन इलाज के लिए बीकानेर ले गए। इसके अलावा 10 से अधिक घायलों को पीलीबंगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार इन घायलों को ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आई हैं, लेकिन सावधानी के तौर पर निगरानी की जा रही है।