भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह तीनों श्रमिक माण्डलगढ़ स्थित एक निजी टेक्सटाइल फैक्ट्री में काम पर जा रहे थे। इसी दौरान जोजवा गांव के पास बनास नदी की ओर बजरी भरने जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। इससे एक श्रमिक उदय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भीलवाड़ा के जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। उधर, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और ग्रामीणों सहित श्रमिक यूनियन ने फैक्ट्री के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और साथी श्रमिकों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और श्रमिक यूनियन के पदाधिकारियों ने माण्डलगढ़ टेक्सटाइल फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में अवैध रूप से दौड़ते तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर लगाम कसी जाए।
पुलिस ने मृतक उदय सिंह के शव को कब्जे में लेकर बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की शवगृह में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, हादसे में घायल हुए अन्य दो श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खाद्य सुरक्षा बल ने भारी मात्रा में जब्त की संदिग्ध मिठाई
भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा और जहाजपुर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा दल ने होली के अवसर पर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए शुक्रवार को तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों से नमूने लिए और भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाई को जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में गठित दल ने शाहपुरा स्थित ‘मेसर्स विनायक बीकानेरी रसगुल्ला फैक्ट्री’ पर छापा मारा। यहां केसरबाटी की गुणवत्ता संदिग्ध पाये जाने पर नमूने लिए गए और मौके पर मौजूद करीब 100 टिनों में भरी करीब 1600 किलोग्राम केसरबाटी को जांच रिपोर्ट आने तक के लिए सीज कर दिया गया। इसके अलावा जहाजपुर के ‘मेसर्स मालवा मिष्ठान भंडार’ (पंडेर) से बर्फी और ‘मेसर्स श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार’ से गुलाब जामुन के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गये हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुंए में गिरने से किसान की मौत
भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में खेत पर रखवाली करते समय एक व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कटार निवासी भेरूलाल (47) गुरुवार शाम को अपने खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली के लिए गए थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने बताया कि आसपास खोजबीन के बाद भी जब भेरूलाल का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजन खेत पर पहुंचे। वहां स्थित कुएं में देखने पर भेरूलाल कीर का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। इस पर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए और उनकी मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। शुक्रवार सुबह शव आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।



