300 से अधिक मरीजों की सेवा स्वास्थ्य महोत्सव में जांच व परामर्श

0

अजमेर। पींसागन क्षेत्रीय माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी समाज पींसागन, क्षेत्रपाल हॉस्पिटल, अकॉर्ड पैथोलॉजी एवं फिजियोथेरेपी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेवा स्वास्थ्य महोत्सव भारी उत्साह, जनसहभागिता एवं सेवाभाव के साथ सम्पन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर चिकित्सा परामर्श प्रदान किया। महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अत्याधुनिक मेमोग्राफी मशीन की सुविधा भी शिविर में रही।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि यदि समय-समय पर जांच होती रहे और गांठ बनने की प्रारंभिक अवस्था में ही बीमारी की पहचान हो जाए, तो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनों के माध्यम से अत्यंत सूक्ष्म लक्षणों की पहचान कर समय रहते उपचार शुरू किया जा सकता है, जिससे मरीज पूर्णतः स्वस्थ जीवन की ओर लौट सकता है।

शिविर में लगभग 300 से अधिक लोगों ने विभिन्न रोगों के लिए चिकित्सा परामर्श प्राप्त किया साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई। जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड नहीं बने हुए थे, उनमें से 138 लोगों के कार्ड मौके पर ही बनवाए गए।

समारोह के समापन अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के प्रमुख रामानंद काबरा ने कहा कि दुनिया में व्यक्ति के संतोष, खुशी और सफलता का सबसे बड़ा माध्यम दूसरों की सेवा है। आज जब अधिकांश लोग केवल अपने स्वार्थ तक सीमित होते जा रहे हैं, ऐसे समय में आमजन के लिए इस प्रकार की संवेदनशील सोच और सेवा कार्य माहेश्वरी समाज को सबसे अलग पहचान देते हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा अभियान रुकना नहीं चाहिए।

शिविर को सफल बनाने में सत्य नारायण झंवर, बृर्जेश सोनी, नंदकिशोर सोनी, प्रदीप कांकानी, शिवरतन पलोड, रमेश मुंदडा, गोपाल सोमानी आदि की भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन पवन माहेश्वरी ने किया। कार्यक्रम के समन्वयक शील काबरा थे।