लायंस क्लब अजमेर आस्था की प्रेरणा से एक जोड़ी नेत्रदान

0

अजमेर। सेवा और मानवता के क्षेत्र में सक्रिय लायंस क्लब अजमेर आस्था की प्रेरणा से एक और प्रेरणादायक नेत्रदान संपन्न हुआ। शास्त्री नगर निवासी स्वर्गीय महेंद्र सेवदा के निधन के बाद उनके परिजनों ने सहमति देकर नेत्रदान कराया, जिससे दो नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में नई रोशनी आने की उम्मीद जगी है।

क्लब अध्यक्ष लायन मुकेश कर्णावट के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से हुए इस नेत्रदान में आई बैंक सोसायटी के भरत कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने दोनों कॉर्निया सुरक्षित रूप से संग्रहित कर आई बैंक में जमा कराए। इन कॉर्निया का प्रत्यारोपण दो जरूरतमंद नेत्रहीनों को दृष्टि प्रदान करेगा।

इस अवसर पर लायन मुकेश कर्णावट ने सेवदा परिवार के इस अनुकरणीय एवं मानवीय निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि नेत्रदान महादान है। उन्होंने कहा कि मरणोपरांत किया गया नेत्रदान किसी के जीवन में उजाला भरने का सबसे बड़ा माध्यम है। सेवदा परिवार का यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और लोगों को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित करता है।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन अतुल पाटनी ने बताया कि लायन्स्टिक वर्ष 2025-26 में लायंस क्लब अजमेर आस्था ने आई बैंक सोसायटी के सहयोग से अब तक आठ जोड़ी कॉर्निया दान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। क्लब भविष्य में भी नेत्रदान जागरूकता अभियान और मानव सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान सेवदा परिवार के सदस्यों ने भी नेत्रदान के महत्व पर बल देते हुए आमजन से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि मरणोपरांत किया गया नेत्रदान किसी जरूरतमंद के जीवन में फिर से रोशनी ला सकता है और यही सबसे बड़ी मानवीय सेवा है।