बीकानेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में होने वाले नगर निगम, निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी जनप्रतिनिधियों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया है।
शर्मा शनिवार को बीकानेर में भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में पार्टीजन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीकानेर के प्रत्येक कार्यकर्ता से वह परिचित हैं और सभी के साथ उन्होंने संगठन में कार्य किया है।
भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। शर्मा ने आगामी नगर निगम, निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर पार्टीजनों से संगठनात्मक समन्वय और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटें।
उन्होंने बीकानेर शहर एवं देहात में आगामी चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाने का मंत्र देते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा पुनः सफलता का परचम लहराएगी।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, बिहारीलाल विश्नोई, प्रदेश आईटी संयोजक अविनाश जोशी, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, अंशुमान सिंह भाटी, जेठानंद व्यास, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जालम सिंह भाटी, सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, कुंभाराम सिद्ध, महामंत्री दिलीप राजपुरोहित, तोलाराम कूकना, कैलाश विश्नोई, कौशल शर्मा, श्याम सिंह हांडला, मीडिया संयोजक कमल गहलोत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




