हनुमानगढ़। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को हनुमानगढ़ जिले की टिब्बी तहसील के चाहूवाली पटवार मण्ड़ल के राजस्व पटवारी श्रीराम को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी हनुमानगढ़ को शिकायत मिली कि पटवारी द्वारा परिवादी के पिता के नाम इंतकाल दर्ज करने की एवज में परिवादी से 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
इस पर एसीबी टीम ने ट्रैप कार्यवाही करते हुए राजस्व पटवारी श्रीराम को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की पुलिस महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।



