कोटपुतली-बहरोड़ : पटवारी 40 हजार की रिश्वत लेते अरेस्ट

0

कोटपुतली-बहरोड़। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को कोटपुतली-बहरोड़ जिले की पावटा तहसील के भैसलाना पटवार हल्के के पटवारी को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भिवाडी को परिवादी से एक शिकायत मिली कि उसके पिताजी की पैतृक जमीन का बंटवारा विवाद एसडीएम कोर्ट में पांच छह वर्ष से चल रहा था जिसका निर्णय एसडीएम ने उनके पक्ष में गत वर्ष 20 जून को जारी कर हल्के के पटवारी प्रमोद सामरिया को रिपोर्ट बनाकर उसी वर्ष 24 जुलाई से पूर्व पेश करने को कहा गया था।

लेकिन पटवारी ने रिपोर्ट अब तक कोर्ट में पेश नहीं की और पटवारी रिपोर्ट बनाकर कोर्ट में पेश करने की एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है।इस पर एसीबी द्वारा गत 29 अप्रैल को मांग सत्यापन की कार्रवाई की गई।

इसके बाद एसीबी ने आरोपी पटवारी को परिवादी से पहली किस्त के 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया । एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एंव महानिरीक्षक एस परिमला के निगरानी में आरोपी से पूछताछ एवं कार्रवाई जारी है।