जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बहुचर्चित तीस लाख रुपए के रिश्वत प्रकरण में काफी दिनों से फरार चल रहे जयपुर में पटवार हल्का हाथोज के तत्कालीन पटवारी एवं आरोपी नरेन्द्र मीणा को गिरफ्तार किया है।
एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी द्वारा फरार आरोपी को अनुसंधान में हाजिर होने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ तथा लगातार फरार रहा।
एसीबी टीम द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। सतत निगरानी के आधार पर प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को एसीबी टीम ने जयपुर के चम्पापुरा कालवाड़ रोड स्थित आरोपी के निवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गुप्ता ने बताया कि नरेन्द्र मीणा परिवादी से हाथोज क्षेत्र स्थित उसकी लगभग 10 बीघा भूमि का नामान्तरण खोलने की एवज में स्वयं एवं तहसीलदार के नाम पर 50 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
इसके बाद एसीबी टीम द्वारा सत्यापन करने पर इस मामले में 30 लाख पर की रिश्वत तय की गई तथा राशि अपने कथित मध्यस्थ विकास शर्मा के माध्यम से प्राप्त करने की योजना बनाई गई।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष 21 सितम्बर को एसीबी द्वारा ट्रैप कार्रवाई कर नरेन्द्र मीणा के सहयोगी एवं मध्यस्थ विकास शर्मा को 30 लाख की रिश्वत प्राप्त करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था जबकि ट्रैप के दौरान मुख्य आरोपी नरेन्द्र मीणा मौके से फरार हो गया था।



